क्या सपनों की भी कोई दूसरी दुनिया होती है? आइए आज इसके बारे में एक सच्ची कहानी आपसे शेयर करता हूं यह कहानी उत्तरकाशी में रहने वाले रवि की है। जो शायद पिछले दस वर्षों से सिजोफ्रेनिया से जुझ रहे हैं। यह उनके जीवन की सच्ची कहानी है।

रवि का मानना था कि सपने केवल हमारे दिमाग की कल्पना नहीं होते। उसके अनुसार, सपनों की भी एक अलग दुनिया होती है। एक ऐसी दुनिया, जो हमारी दुनिया के समानांतर मौजूद है।

रवि एक पहाड़ी इलाके में अपनी माँ के साथ रहता था। उसके पिता की मृत्यु हो चुकी थी। घर में दो गायें और सेब का एक छोटा-सा बगीचा था, जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी रवि और उसकी माँ पर थी।

रवि बचपन से ही काफी शर्मीला और शांत स्वभाव का था। लेकिन पिछले लगभग दस वर्षों से वह एक मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। उसका इलाज भी चल रहा है।

उसकी माँ कोमल अक्सर उसके व्यवहार को लेकर चिंतित रहती थी। कभी-कभी रवि अचानक गुस्सा करने लगता, लोगों पर शक करता और ऐसी बातें कहने लगता, जिन्हें समझना उसके परिवार के लिए मुश्किल था।

लेकिन रवि के साथ जो घटनाएँ हो रही थीं, उनके बारे में उसका अपना एक अलग नजरिया था।

रवि का कहना था कि सपने में कोई रहस्यमयी परछाईं उसे बार-बार दिखाई देती है। वह परछाईं उसे अपने साथ किसी दूसरी दुनिया में ले जाना चाहती है।

इस घटना के बाद रवि अक्सर लोगों पर काला जादू करने का आरोप लगाने लगता था। हालाँकि वह खुद भी काले जादू पर विश्वास नहीं करता था, लेकिन उन अनुभवों के बाद उसका व्यवहार बदल जाता था।

एक दिन रवि अपने सेब के बगीचे में काम कर रहा था। काफी देर काम करने के बाद उसे थकान महसूस हुई। वह पास बने एक स्टोररूम में आराम करने चला गया।

कुछ देर बाद उसकी आँख लग गई।

उसने बताया कि सपने में उसे फिर वही रहस्यमयी परछाईं दिखाई दी। इस बार उसे ऐसा महसूस हुआ जैसे वह परछाई उसे हमेशा के लिए अपने साथ ले जाना चाहती है।

रवि के अनुसार, अगर वह उस परछाईं के साथ चला जाता, तो शायद कभी वापस नहीं लौट पाता।

तभी उसकी माँ कोमल वहाँ पहुँची और उसने रवि को जगा दिया।

नींद से उठने के बाद रवि काफी परेशान था। वह लगातार अपनी माँ से कह रहा था कि वह परछाईं फिर लौट आई है।

कोमल ने उसे समझाया कि यह केवल एक सपना था और उसे बेवजह परेशान नहीं होना चाहिए।

लेकिन रवि इस बात को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था।

उसके मन में एक सवाल पैदा हो चुका था।

आखिर वह परछाईं बार-बार उसी को क्यों दिखाई देती है?

और क्या सपनों में दिखाई देने वाली दुनिया वास्तव में कहीं मौजूद हो सकती है?

रवि को इन सवालों का जवाब अपने आसपास के लोगों से नहीं मिला। इसलिए उसने इंटरनेट पर जानकारी खोजनी शुरू कर दी।

वह अलग-अलग सवाल लिखकर खोजता था।

क्या सपनों की कोई अलग दुनिया होती है?

क्या दो लोग एक ही सपना देख सकते हैं?

क्या कोई व्यक्ति हमेशा के लिए सपनों में रह सकता है?

क्या सपनों के माध्यम से किसी दूसरी वास्तविकता में प्रवेश किया जा सकता है?

लेकिन इंटरनेट पर उसे ऐसा कोई जवाब नहीं मिला, जिसकी उसे तलाश थी।

उसे ज्यादातर वैज्ञानिक लेख मिलते थे। उनमें बताया जाता था कि सपने हमारे मस्तिष्क की गतिविधियों, यादों और भावनाओं से जुड़े होते हैं।

रवि इन जानकारियों से संतुष्ट नहीं था।

आखिरकार उसने अपना एक ब्लॉग बनाया और उस पर सपनों की दूसरी दुनिया के बारे में लिखना शुरू कर दिया।

उसे उम्मीद थी कि शायद इंटरनेट पर कोई दूसरा व्यक्ति भी होगा, जिसने उसके जैसे अनुभव किए हों।

लेकिन रवि की जिंदगी में एक और रहस्य था।

उसके अनुसार, वह आना नाम की एक लड़की से मिलता था। 

आना लगभग हर रोज उससे मिलने आती थी। दोनों घंटों बातें करते थे। कभी सेब के बगीचे में, कभी घर के बाहर और कभी रवि के कमरे में। रवि के मुताबिक आना एक परी है। जो हमेशा उससे बातें किया करती है।

लेकिन समस्या यह थी कि रवि के अलावा किसी और ने कभी आना को नहीं देखा था।

उसकी माँ कोमल भी आना के बारे में कुछ नहीं जानती थी।

 हालांकि रवि के लिए आना एक अप्सरा थी जो बिल्कुल वास्तविक है। वह सिर्फ रवि को दिखाई देती है। रवि का मानना था कि आना का शरीर दिव्य है इसलिए मैं उसे छू नहीं सकता। 

एक दिन दोनों साथ बैठे हुए थे। रवि ने आना से एक अजीब सवाल पूछा।

उसने कहा, "जब मैं मर जाऊँगा, तो क्या तुम मुझसे शादी करोगी?"

आना हँसने लगी और उसने जवाब दिया, "मर जाने के बाद कोई जिंदा नहीं रहता, रवि। इसलिए तुम्हें जीना चाहिए।"

रवि ने कुछ देर तक उसे देखा और फिर कहा, "कोई तो रास्ता होगा, जिससे हम दोनों हमेशा के लिए एक साथ रह सकें।"

इस बार आना गंभीर हो गई।

उसने रवि को बताया कि एक ऐसी दुनिया है, जहाँ वे दोनों हमेशा साथ रह सकते हैं।

वह दुनिया थी सपनों की दुनिया।

रवि यह नाम सुनकर हैरान रह गया, क्योंकि वह पिछले काफी समय से इसी दुनिया के बारे में जानने की कोशिश कर रहा था।

इसके बाद आना ने उसे मिष्ठी नाम की एक लड़की के बारे में बताया।

उसके अनुसार, मिष्ठी भी कभी इसी दुनिया में रहती थी, लेकिन उसकी कहानी काफी अलग थी।

कहा जाता था कि मिष्ठी को एक लड़के से प्यार हो गया था। दुर्भाग्य से उस लड़के की मृत्यु हो गई।

लेकिन मिष्ठी को लगता था कि वह लड़का अभी भी कहीं मौजूद है। उसकी आत्मा अभी भी मिष्ठी को दिखाई देती थी। जो मिष्ठी के बिना बहुत तड़प रही था। मिष्ठी कुछ भी करके उस लड़के के साथ रहना चाहती थी। 

इसी कोशिश में मिष्ठी ने एक अनुष्ठान करने का फैसला किया। उनका मानना था कि इस अनुष्ठान के माध्यम से सपनों की दुनिया का दरवाजा खोला जा सकता है।

कहानी के अनुसार, अनुष्ठान में जानवरों की बलि दी गई और कुछ समय बाद मिष्ठी की आंख खुली तो वह सपनों की दुनिया में पहुँच गई थी। जहां से मिष्ठी किसी के भी सपने में जा सकती थी। वहाँ उसे वह लड़का भी मिल गया।

मिष्ठी अपने कर्मों के फल से उस दुनिया में नहीं गई उसने कुछ जादू किया जिससे उस दुनिया में अजीब घटनाएं होने लगी।

आना ने बताया कि उस दुनिया में एक नगर था, जहाँ देवता अमर था। कम से कम उनका ऐसा ही विश्वास था।

मिष्ठी के वहाँ पहुँचने के बाद नगर में उस देवता की मृत्यु हो गई।

नगर के लोगों ने इसका जिम्मेदार मिष्ठी को ठहराया और उसे डायन कहना शुरू कर दिया।

उन्होंने मिष्ठी को जलाकर मारने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं मरी।

कहानी के अनुसार, मिष्ठी उस दुनिया में अमर हो चुकी थी। 

लेकिन जिस लड़के के लिए उसने अपनी दुनिया छोड़ी थी, वह भी धीरे-धीरे उससे दूर होने लगा।

उसने मिष्ठी से कहा कि जिस दिन नगर का देवता फिर से अवतरित होकर फिर से अमर हो जाएगा, उसी दिन वह उससे शादी करेगा।

यह सुनकर मिष्ठी नगर देवता की साधना करने लगी कुछ समय बाद मिष्ठी को ध्यान में अनुभव हुआ कि अगर नगर देवता को फिर से सपनों की दुनिया में बुलाना चाहती हो तो इसके लिए उसे धरती की दुनिया से सौ लोगों की आवश्यकता होगी। मिष्ठी को एक अनुष्ठान में उन सौ लोगों की आत्मा को कैद करके नगर देवता को सौंपना होगा। 

वह उन लोगों को सपनों की दुनिया में लाकर एक नया अनुष्ठान करना चाहती थी।

लेकिन उसकी पिछली कोशिशें सफल नहीं हुई थीं।

कहा जाता था कि जिन लोगों को उसने नगर देवता को सौंपा, उनके कारण नगर देवता का पुनर्जन्म हुआ लेकिन वह अभी पूरी तरह अमर नहीं था। जब मिष्ठी ध्यान साधना कर रही थी तो उसे अनुभव हुआ कि उसे किसी ऐसे आदमी को कैद करना होगा जो एक अप्सरा से प्यार करता हो और उसके साथ अमर होने की इच्छा रखता हो।

अब मिष्ठी किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रही थी, जो किसी ऐसी अप्सरा से प्यार करता हो, जो अप्सरा हमेशा के लिए अमर हो। 

आना ने रवि को बताया कि ऐसे व्यक्ति की आत्मा को कैद करके मिष्ठी का अनुष्ठान पूरा हो सकता है।

यह सब सुनने के बाद रवि काफी देर तक चुप रहा।

उसे अचानक अपनी उस रहस्यमयी परछाईं की याद आने लगी, जो उसे बार-बार सपनों में दिखाई देती थी।

उसने आना से पूछा कि क्या मिष्ठी वही परछाईं हो सकती है?

लेकिन इस सवाल का जवाब आना ने नहीं दिया।

रवि के मन में अब कई सवाल थे।

क्या आना भी उसी दूसरी दुनिया से आई थी?

क्या मिष्ठी वास्तव में मौजूद थी?

क्या सपनों में दिखाई देने वाले लोग किसी दूसरी वास्तविकता से जुड़े हो सकते हैं?

या फिर यह सब रवि के अनुभवों और उसके मन की बनाई हुई एक दुनिया थी?

इस कहानी को सुनने के बाद रवि ने आना से मिलना छोड़ दिया क्यों कि उसे अब उस परछाई से बहुत डर लग रहा था। अब रवि अकेले रहने लगा वह किसी से बात नहीं करता था वह केवल अब अपने और आना के बारे में सोच रहा था। रवि इतना डर गया था कि इस कहानी को रवि ने किसीको नहीं बताया इसे उसने आजतक एक राज ही रखा था। कुछ साहस करके उसने यह कहानी हम तक पहुंचाई है।